राशन डीलर की जांच करते एस़डीएम
- फोटो : amar ujala
सैयदपुर गांव के लोगों ने राशन डीलर के खिलाफ घटतौली की शिकायत सीधे कमिश्नर आगरा से फोन पर की। उनके आदेश पर रविवार को एसडीएम करहल राजेश कुमार ने छापे मारी की। जांच में शिकायत सही मिलने पर एसडीएम ने डीलर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक करहल तहसील के ग्राम कैलाशपुर की राशन की दुकान दिसंबर 2015 में निरस्त कर दी गई थी। तब से दुकान सैयदपुर के डीलर से सबद्ध है। आरोप है कि सबद्ध होने के बाद से साहब सिंह ने 16 महीने में मात्र तीन बार ही मिट्टी का तेल बांटा है। उसमें भी घटतौली की गई है। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं की जाती है। इधर, रविवार को भी राशन डीलर साहब सिंह खाद्यान्न वितरित कर रहा था। घटतौली के साथ ही मिट्टी का तेल नहीं दिया जा रहा था। इससे ग्रामीण भड़क गए।
उन्होंने इसकी शिकायत फोन पर जिलाधिकारी यशवंत राव से की। उन्होंने लिखित शिकायत करने को कहा, तो लोगों ने कमिश्नर आगरा को फोन से शिकायत की। कमिश्नर के निर्देश पर उपजिलाधिकारी करहल मौके पर पहुंचे, तो मौके पर वितरण अधिकारी मौजूद नहीं था। गांववालों को सिर्फ राशन दिया जा रहा था। मिट्टी के तेल का वितरण नहीं किया जा रहा था। गौरव प्रताप यादव, चरण सिंह, भारत सिंह, प्रेम सिंह, सत्यवीर सिंह, लाल सिंह, राजेश कुमार, विमलेश कुमार, जिलेदार, सरस्वती देवी, नीलम देवी, प्रीति देवी, सुमन देवी ने बताया कि हर बार गेहूं व चावल भी कम दिया जाता है। सप्लाई इंस्पेक्टर करहल कृपाशंकर का कहना है कि राशन डीलर ने 16 मई को ही मिट्टी के तेल का उठान कर लिया था। एसडीएम करहल राजेश कुमार ने बताया कि कोटा डीलर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।