मैनपुरी। बुधवार को नगर क्षेत्र में जहां चार घंटे बिजली गुल रही वहीं मंछना विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में आठ घंटे बिजली ठप रहने से लोगों में आक्रोश दिखा। लोगों का कहना था कि जानबूझ कर अधिकारी बिजली कटौती कर रहे हैं। निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाए।
नगर क्षेत्र में बुधवार की सुबह छह बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह 7:30 बजे सुचारु हो सकी। सुबह आठ बजे फिर बिजली चली गई। नौ बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हुई। इसके बाद दिन में दो घंटे टुकड़ों में कटौती हुई। इससे लोगों में आक्रोश दिखा। नगर निवासी राजेश कुमार का कहना है कि अधिकारी जानबूझ कर बिजली कटौती कर रहे हैं। ऊपर से जब निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाती है तो स्थानीय स्तर पर कटौती क्यों हो रही है।
वहीं विद्युत उपकेंद्र मंछना क्षेत्र में सुबह आठ बजे ठप हुई बिजली आपूर्ति से क्षेत्र के 25 गांव में शाम चार बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। आठ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों में आक्रोश था। लोगों का कहना था कि एचटी लाइन बनने की बात कहकर कई बार पूर्व में भी कटौती की गई है। अधिकारियों को बिजली कटौती नहीं करनी चाहिए। वहीं अधिशासी अभियंता एके पांडेय का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में फाल्ट के चलते कटौती हुई है। फाल्ट सही कराकर शीघ्र बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई।