मैनपुरी। चित्रगुप्त इंटर कालेज में चल रही तीन दिवसीय जनपदीय स्काउट गाइड रैली का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक यादव थे। अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष साधना गुप्ता ने की। गंगा सहाय बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि अशोक यादव ने कहा कि छात्र-छात्राएं अपना मन सिर्फ पढ़ाई में ही लगाएं। यदि वह मन लगाकर पढ़ेंगे तो ही आईएएस और पीसीएस बन सकेंगे। रंगारंग कार्यक्रमों में चित्रगुप्त और गंगासहाय इंटर के छात्र-छात्राओं ने धमाल मचाया। वहीं चित्रगुप्त इंटर कालेज के छात्रों ने जलवा तेरा जलवा गाने पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। जनपदीय स्काउट गाइड रैली में 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें स्काउट की 13 टोली और गाइड की सात टोलियां थीं।
नगर स्तर की स्काउट रैली में जूनियर वर्ग में चित्रगुप्त इंटर कालेज ने प्रथम, सीनियर वर्ग में क्रिश्चियन इंटर कालेज ने प्रथम, एकरसानंद इंटर कालेज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तहसील स्तर की जूनियर वर्ग में सनातन धर्म इंटर कालेज दौलतपुर और नेशनल इंटर कालेज भोगांव ने संयुक्त रूप से प्रथम, जनता इंटर कालेज नौनेर ने द्वितीय स्थान पाया। सीनियर वर्ग में महावीर इंटर कालेज जौहरी नगर ने प्रथम, इंद्रजीत शिक्षासदन इंटर कालेज जोत ने द्वितीय स्थान पाया। गाइड में नगर स्तर की जूनियर वर्ग में श्री गंगा सहाय कन्या इंटर कालेज ने प्रथम, जीजीआईसी ने द्वितीय और सीनियर वर्ग में क्रिश्चियन बालिका इंटर कालेज ने प्रथम, तहसील स्तर के जूनियर वर्ग में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय ने प्रथम, नेहरू स्मारक इंटर कालेज कटरा समान ने द्वितीय और सीनियर वर्ग में डाक्टर राममनोहर लोहिया किशनी ने प्रथम स्थान पाया। अंत सभी विजयी टीमों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुनील वर्मा ने किया।
इस मौके पर जिला स्काउट मुख्य आयुक्त हरप्रसाद यादव, प्रधानाचार्य डॉ. एके राठौर, सुमन यादव, डॉ. राधेश्याम गौड़, मोहम्मद शमीम, वीरेंद्र गोस्वामी, एहतसामुद्दीन, सुमन चौहान, बेवी खुशनुमा, एनके बंसल, प्रदीप गुप्ता, गोपाल कुलश्रेष्ठ, सतीश मधुप आदि मौजूद थे।