उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बुधवार की सुबह मिठाई बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही वहां अफरातफरी मच गई। आग को बुझाने के प्रयास में दुकानदार और हलवाई झुलस गए। सूचना मिलने के बाद पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू किया। आग में दुकान में रखा काफी सामान जल गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के नगला पीर निवासी राम विलास ईशन नदी पुल के पास मिठाई की दुकान का संचालन कर रहे हैं। बुधवार की सुबह हलवाई रजनेश पाल मिठाई बना रहा था, तभी गैस रिसाव के चलते सिलेंडर में आग लग गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता, आग विकराल रूप ले चुकी थी।
आग की लपटें देख दुकान के आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। पुल के पास ड्यूटी पर तैनात यातायातकर्मी मौके पर आ गए। उन्होंने आग को बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। सिलेंडर में लगी आग को बुझाने के प्रयास में रामविलास और हलवाई रजनेश झुलस गए।
विज्ञापन
दोनों को तुरंत ही उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। सूचना मिलने के बाद पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू किया। आग में दुकान में रखा काफी सामान जल गया। राम विलास और रजनेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।