करहल। युवती की आपत्तिजनक वीडियो वायरल की धमकी के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी शादी का दबाव बना रहा है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि करीब पांच साल पहले शिवम पाल उनकी पुत्री को अपने साथ ले गया था। कुछ दिन बाद समझौता हो गया और वह पुत्री को घर ले आए थे। मान सम्मान के चलते उन्होंने थाने में शिकायत नहीं की थी। बीते छह महीने से आरोपी फिर से पुत्री को फोन कर रहा है। पुत्री और अन्य परिजन के मोबाइल पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो और चैट डाल रहा है। आरोपी पुत्री पर शादी करने का दबाव डाल रहा है। धमकी दे रहा है कि शादी नहीं होने देगा। फोटो-वीडियो वायरल करने व परिवार को मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।