अब बिजली कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को निदेशालय के चक्कर नहीं लगाने
होंगे। आवेदन के एक सप्ताह में निदेशालय के अधिकारी जांच कर एनओसी देंगे।
यदि ऐसा नहीं करते हैं तो विभाग बिना एनओसी के ही कनेक्शन जोड़ देगा।
बिजली विभाग में कनेक्शन के लिए बिजली सुरक्षा निदेशालय से एनओसी लेनी होती है। पहले एनओसी के लिए उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ता था।
जिससे उन्हें क नेक्शन लेने में देरी होती थी लेकिन अब परेशानी नहीं होगी। प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय अग्रवाल ने अब उपभोक्ताओं को राहत दी है। अब पांच किलोवॉट से अधिक के कनेक्शन पर निदेशालय में आवेदन करने पर अधिकारी एक सप्ताह में एनओसी देंगे। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो बिजली विभाग के अधिकारी बिना एनओसी के ही कनेक्शन जोड़ देंगे।
यह है एनओसी की फीस
बिजली सुरक्षा निदेशालय में एनओसी के लिए आवेदन करने के साथ ही पहले किलोवाट पर 200 रुपये इसके बाद प्रति किलोवाट पर 50 रुपये का शुल्क जमा करना होता है। शुल्क जमा होने के बाद अधिकारी एनओसी देते हैं।
प्रमुख सचिव का पत्र मिल गया है। पत्र के अनुपालन में आवेदन के सात दिन के अंदर एनओसी जारी कर दी जाएगी। अधीनस्थों को भी इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
अनवार आलम, सहायक निदेशक, बिजली सुरक्षा