शव ईशन नदी पुल पर रखकर लगाया जाम
- फोटो : अमर उजाला
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव राजपुर खुर्द में गुरुवार को हुए विवाद में घायल युवक की सैफई में मौत के बाद गुस्साए परिवारीजनों ने शनिवार देर शाम शव को ईशन नदी पुल पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस के अलावा आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बता दें कि गांव राजपुर खुर्द निवासी शिवपाल का गुरुवार सुबह खेत में कूडे़ की गाड़ी से लहसुन ले जाते समय गांव निवासी मिलाप सिंह से विवाद हो गया था। इस दौरान मिलाप सिंह पक्ष के लोगों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। शनिवार सुबह सैफई में शिवपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। शाम को शव गांव पहुंचा तो परिवारीजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शव को मैनपुरी लाने के बाद ईशन नदी पुल पर रखकर जाम लगा दिया। आक्रोशित परिवारीजन व ग्रामीण आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने के प्रयास किए। सूचना पर आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जाम के चलते मार्ग के दोनों तरह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जाम को खुलवाने के प्रयास कर रही थी। हालांकि परिवारीजनों के शुक्रवार को दी गई मारपीट की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी मिलाप सिंह, दीपक, भूरे उर्फ अभिनव को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मारपीट के मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।