टीम इंडिया की जीत पर क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर जश्न मनाया। चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की टीम जैसे ही धोनी सेना के हाथों 76 रनों से परास्त हुई वैसे ही आतिशबाजी की झड़ी लग गई। जिले भर में विश्वकप के पहले मुकाबले में मिली जीत की खुशी का जश्न मनाया तो कई ने तिरंगे फहराते हुए ढोल नगाड़ों पर नृत्य किया। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि अब विश्वकप भारत की झोली में आकर ही रहेगा।
रविवार को विश्वकप के मुकाबले में भारत-पाक मैच के दौरान तनाव और परिणाम की बेसब्री हर मैच देखने वाले के चेहरे पर साफ पढ़ी जा रही थी। सुबह पौने नौ बजे से ही क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें टीवी स्क्रीन पर टिक गईं थीं। भारत ने टॉस जीता तो क्रिकेट प्रेमी कहने लगे कि अब जीत तय है। विराट कोहली और सुरेश रैना की बल्लेबाजी ने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। 300 रनों का स्कोर बनने पर ही कई क्रिकेट प्रेमियों ने जीत तय मान आतिशबाजी शुरू कर दी। जैसे ही टीम इंडिया ने 76 रनों से जीत दर्ज की वैसे ही क्रिकेट प्रेमी खुशी से उछल पड़े। कहीं तेज धमाके गूंजे तो कहीं जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी में शहर के प्रमुख मार्गों पर तिरंगा फहराते हुए बाइक जुलूस निकाला। पूर्व क्रिकेटर असलम खान ने कहा कि पाकिस्तान की टीम को भारत ने विश्वकप में हमेशा पराजित किया है। अब 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से भी टीम इंडिया जीतेगी। भारत की जीत पर लोग एक दूसरे को बधाई देते नजर आए। उधर करहल, घिरोर, भोगांव, बेवर, कुरावली, किशनी, कुसमरा, कोसमा आदि में भी जीत का जश्न मनाया गया। क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर जीत की खुशी मनाई।
प्रतियोगिता का मैच कर दिया स्थगित
विश्वकप में भारत-पाक मुकाबले को देखते हुए श्री चित्रगुप्त महाविद्यालय मैदान पर चल रही डाक्टर राजीव दुबे स्मृति ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को होने वाला मैच स्थगित कर दिया गया। आयोजक डाक्टर संजय सिंह चौहान ने बताया कि रविवार को होने वाला मैच सोमवार को खेला जाएगा।