थाना क्षेत्र के गांव अंतपुर में शुक्रवार रात आवारा सांड़ के हमले से वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। परिवारीजन वृद्ध को लेकर अस्पताल गए, मगर वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव अंतपुर निवासी गुलफान (60) गांव में ही झोंपड़ी बनाकर रह रहे थे। शुक्रवार रात को वह खाना खाने के बाद सो गए। रात करीब नौ बजे वह लघुशंका के लिए झाेंपड़ी से बाहर निकले तभी वहां घूम रहे सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर घायल वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच चीख पुकार सुनकर वहां पहुंचे परिवारीजन और ग्रामीण वृद्ध को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बता दें कि पूर्व में यह सांड़ कई लोगों को घायल कर चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इसे पकड़ने की मांग की है।
गांव अंतपुर निवासी गुलफान (60) की सांड के हमले से हुई मौत के बाद ग्रामीणों ने आवारा सांड को पकड़ने के बाद पेड़ से रस्सियों से कसकर बांध दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दे दी। समाचार लिखे जाने तक सांड पेड़ से ही बंधा हुआ था।