उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य क्षेत्रों में भी हमारी सरकार बेहतर कर रही। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में छह एक्सप्रेसवे तैयार होने और इतने ही निर्माणाधीन होने की उपलब्धि भी गिनाई।
डिप्टी सीएम ने कहा कि करहल में रोजगार मेला लगाया गया। इस मेले में 50 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। पांच हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। मैं करहल के युवाओं को बधाई देता हूं। फर्रुखाबाद की घटना पर उन्होंने कहा कि सरकार ने इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया है। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
मैनपुरी का नाम इतिहास में है अमर
डिप्टी सीएम ने कहा कि मैनपुरी का नाम इतिहास में अमर है। 1857 में जब अंग्रेजों के खिलाफ क्रांति का बिगुल बजा तो मैनपुरी के महाराजा तेजसिंह ने अंग्रेजों के खिलाफ सबसे पहले जंग शुरू की। आज फिर वक्त आ गया है, मुझे विश्वास है कि करहल के लोग स्वावलंबी बनने और अपने विकास के लिए आगे आकर बिगुल बजाएंगे। उन्होंने इस बार उप चुनाव में लोगों से करहल से विधायक चुनने के लिए कहा।