किशनी। किशनी प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में डैनी क्रिकेट क्लब और माधौ सिंह क्रिकेट क्लब ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया। जावेद और नंदू को मैन आफ द मैच घोषित किया गया।
मंगलवार को किशनी चौराहे स्थित मैदान पर खेले गए लीग मैच में कृपालपुर क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर के मैच में 15 ओवर खेलते हुए 89 रन बनाए। टीम की ओर से जॉनसन ने 28, अभिषेक ने 18 रन बनाए। इसके अतिरिक्त कोई भी बल्लेबाज दहाई का अंक नहीं छू सका। डैनी क्रिकेट क्लब की ओर से जावेद ने चार, इशहाक ने तीन और डैनी यादव ने दो विकेट प्राप्त किए।
जवाब में खेलने उतरे डैनी क्लब के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9.3 ओवर में तीन विकेट खोकर विजय लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से आसिफ ने 25, जावेद ने 20 और इशहाक ने 18 रन बनाए। कृपालपुर की ओर से गोलू ने दो, अभिषेक ने एक सफलता हासिल की। मैच में अंपायरिंग रामौतार और जीतू ने, कमेंट्री उत्तम राठौर ने और स्कोरिंग संगम ने की।
दूसरे लीग मैच में माधौ सिंह महाविद्यालय क्रिकेट क्लब ने टास जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 19.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 139 रन बनाए। टीम की ओर से अनुज ने 28, अमित ने 25, क्षितिज ने 20 बनाए। कृपालपुर क्रिकेट क्लब की ओर से अनिरुद्ध ने दो, अंबुज, ज्वाला और पंकज ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। जवाब में खेलने उतरे कृपालपुर के बल्लेबाज 18 ओवर में 123 रन ही बना सके। टीम की ओर से अंबुज ने 27, मोनू ने 11 और पंकज 10 रन बाए। माधौ सिंह क्लब की ओर से नंदू ने चार, प्रमोद और अमर ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। मैच में अंपायरिंग डैनी यादव और सिपी यादव ने कमेंट्री उत्तम राठौर ने तथा स्कोरिंग संगम ने की।