सिपाही ने किया दलित किशोरी से दुष्कर्म, गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही के दलित किशोरी (13) के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना चार दिन पुरानी है और इस दौरान सिपाही परिवारीजनों को धमकी देकर मामले को दबाने के लिए दबाव बनाता रहा। सोमवार को किशोरी को साथ लेकर उसकी मां पहले थाना कोतवाली पहुंची, वहां कोई सुनवाई नहीं हुई तो वह एएसपी से मिली। एएसपी के निर्देश पर मामला दर्ज कर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सिपाही राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार सिपाही राजेश यादव मूल रूप से इटावा का रहने वाला है और उसकी मूल तैनाती मथुरा में है। पिछले पांच सालों से वह मैनपुरी पुलिस लाइन में अटैच है और पुलिस लाइन में ही रह रहा है। पीड़ित परिवार भी पुलिस लाइन के पास ही एक कालोनी में रहता है। राजेश यादव का इनके यहां काफी आना जाना है। परिवारीजनों का आरोप है कि 24 मार्च को धुल्हैंडी के दिन शाम 6.30 बजे आरोपी सिपाही उनकी बेटी को लाइन के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन तबियत बिगड़ने पर किशोरी ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इससे पहले ये पुलिस के पास पहुंचते आरोपी सिपाही इनके घर पहुंच गया और धमकी दी। सोमवार सुबह सिपाही की नजरों से बचकर किशोरी अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची। यहां भी पुलिसकर्मियाें ने पहले तो समझौता कर मामले को रफा दफा करने के लिए कहा, इंकार करने पर थाने से भगा दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार एएसपी दिगंबर कुशवाह के पास पहुंचा। एएसपी दिगंबर कुशवाह ने बताया कि किशोरी को मेडिकल के लिए बेवर स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा गया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म और एससीएसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।