मैनपुरी। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक जगह आक्रोशित लोगों ने जीटीरोड पर जाम लगा दिया। इससे जीटी रोड और मैनपुरी रोड पर वाहनों की कतार लग गई। जाम लगभग एक घंटे बाद खोला गया। एक घंटे बाद ग्राम रसेमर के प्रधान के समझाने पर आक्रोशित लोगों ने जाम खोला।
कन्नौज के थाना विशुनगढ़ क्षेत्र के ग्राम बलरामपुर नानदपुर निवासी रामानंद (42) ट्रक चालक थे। परिवारीजनों के अनुसार रामानंद ट्रक लेकर रविवार की रात दिल्ली की ओर जा रहे थे। रात नौ बजेे के लगभग जब वह ट्रक लेकर थाना कुरावली क्षेत्र में जीटीरोड पर खिरिया गांव के समीप पहुंचे तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार के ट्रक से उनके ट्रक की भिड़ंत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। गंभीर हालत में रामानंद को जिला अस्पताल लाया गया। सूचना पर परिवारीजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां इलाज के दौरान गंभीर हालत बताते हुए चिकित्सकों ने रामानंद को आगरा रेफर कर दिया। रात दो बजे के लगभग रास्ते में रामानंद की मौत हो गई। वहीं कुरावली के गांव रसेमर निवासी शोभाराम (50) पीसीएफ गोदाम से एक बोरी खाद सिर पर रखकर पैदल ही गांव जाने लिए सड़क पार कर रहे थे। तभी केमिकल के ड्रम लादकर झारखंड से दिल्ली जा रहे ट्रक ने शोभाराम को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह जीटी रोड पर गिर गए। ट्रक शोभाराम के ऊपर से होकर निकल गया। इससे शोभाराम की मौके पर मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने ट्रक को घेरकर रोक लिया। ट्रक चालक रामजीत पुत्र श्यामलाल निवासी ग्राम बक्साकी नाल थाना नवाबगंज जिला प्रतापगढ़ एक होटल में घुस गया। वहां से पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाना ले गई। इधर हादसे की खबर सुनकर लोग और रसेमर के ग्रामवासी भी मौके पर आ गए। गुस्साए लोगों ने जीटी रोड पर टायर व वाहनों को खड़ा कर मैनपुरी और एटा रोड जाम कर दिया। लगभग एक घंटा तक यातायात जाम रहा। इससे रोडवेज बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष ने जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी। ग्राम रसेमर के नवनिर्वाचित ग्रामप्रधान प्रमोद यादव एवं शिक्षक नेता अरुण यादव के समझाने पर ग्रामीणों ने शव जीटी रोड से हटाया। तब कहीं जाकर जाम खुल सका। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज है।
फोटो-