दन्नाहार। थाना क्षेत्र के एक ग्राम में मंगलवार की देर रात एक दलित किशोरी के साथ गांव के ही दलित युवक ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद किशोरी को खेत में छोड़कर आरोपी युवक गांव छोड़कर फरार हो गया। बुधवार को सूचना मिलने पर हरकत में आई थाना पुलिस ने पहले तो मामले को निपटाने का प्रयास किया लेकिन किशोरी के परिवारीजनों और ग्रामीणों के दबाव के बाद घटना की तहरीर लेकर आरोपी युवक के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
थाना क्षेत्र के गांव में मंगलवार की रात बारात आई थी। गांव की दलित किशोरी भी शादी में भाग लेने गई थी। रात करीब 10 बजे वह शौच के लिए समीप ही स्थित खेतों की ओर गई तो पहले घात लगाए दलित युवक ने उसे दबोच लिया और खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपी युवक गांव छोड़कर फरार हो गया। किशोरी ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी। पिता ने परिवारीजनों को जानकारी देने के बाद रात में ही बरौली पुलिस चौकी को घटना की जानकारी दे दी। लेकिन पुलिस ने शिकायत पर गंभीरता नहीं दिखाई।
बुधवार को सुबह गांव में आक्रोश को देखते हुए थानाध्यक्ष पुलिस के साथ गांव पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने समझौते की बात की लेकिन विरोध को देखते हुए दोपहर बाद किशोरी के पिता से तहरीर लेकर आरोपी युवक के पिता को हिरासत में ले लिया। किशोरी के पिता ने बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। बेटा दिल्ली में नौकरी करता है। ऐसे में उसके घर न रहने पर पुत्री घर में अकेली रह जाती है। नौ दिन पूर्व ही आरोपी युवक रात में घर में घुस आया था। लेकिन अचानक उसके आने पर वह भाग गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया जाएगा।