पुलिस की दबिश से आक्रोश जाम, थाना घेरा
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश पुलिस ने शनिवार को उत्तरी छपट्टी स्थित एक सराफा की दुकान पर दबिश दी। इस दौरान एक सराफ को उठा लिया। कोतवाली पुलिस के साथ की गई इस संयुक्त कार्रवाई के बाद कई व्यवसायी थाने पहुंचे। वहां काफी देर तक मामला रफा-दफा करने की कोशिश चलती रही। एमपी पुलिस ने यह कार्रवाई साथ लाए चोर की निशानदेही पर की।
मध्यप्रदेश भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में एक सराफा व्यवसायी के यहां से चोरों ने करीब 20 तोले से अधिक के आभूषणों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उक्त चोरी के मामले में पुलिस ने हाउसिंग कालोनी करौंद भोपाल निवासी सागर को गिरफ्तार किया था। भोपाल पुलिस ने इस मामले में उसके सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी। सागर ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी का माल मैनपुरी के उत्तरी छपट्टी स्थित शंकर लाल सोहन लाल सराफ की दुकान पर बेचा है। शनिवार को आरोपी को साथ लेकर आई भोपाल पुलिस ने कोतवाली पुलिस के साथ सराफ की दुकान पर दबिश देकर व्यवसायी संतोष वर्मा को उठा लिया। पूछताछ के लिए उसे थाने ले आई। वहां काफी देर तक उससे पूछताछ की। गोपनीय ढंग से इस पूरे घटनाक्रम के बाद एमपी पुलिस सराफ को साथ लिए बिना ही वापस लौट गई।
एमपी पुलिस और कोतवाली पुलिस में ठनी
मैनपुरी। सराफ की दुकान पर छापामार कार्रवाई करने के बाद व्यापारी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद व्यापारियों से बातचीत के कुछ देर बाद ही एमपी पुलिस ने पैंतरा बदलते हुए संतोष को साथ ले जाने से इंकार कर दिया। इसे लेकर काफी देर तक कोतवाली पुलिस और एमपी पुलिस में तकरार होती रही। आखिरकार एमपी पुलिस खाली हाथ ही वापस लौट गई। सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले में एक बड़ी डील के बाद एमपी पुलिस ने अपना इरादा बदल लिया।