पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहा एक आरक्षी धोखाधड़ी का शिकार हो गया। सिपाही से मोबाइल की रकम वापसी के नाम पर 5550 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करा लिया। आरक्षी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गाजियाबाद के थाना भोजपुर के ग्राम सैदपुर निवासी आकाश सिंह मैनपुरी पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने जनवरी माह में एक कंपनी का मोबाइल खरीदा था। आकाश ने बताया कि 13 फरवरी को मोबाइल में खराबी आ गई, जिसे सही कराने के लिए एजेंसी पर जमा करा दिया। काफी दिनों तक मोबाइल सही नहीं हुआ तो उन्होंने गुड़गांव कंपनी के नंबर पर कॉल किया तो बताया की मोबाइल 21 दिन में मिल जाएगा। आकाश का आरोप है कि 17 मार्च को उन्हें एक प्राइवेट नंबर से फोन आया। कहा कि मोबाइल खराब हो चुका है अगर आप चाहें तो नया मोबाइल ले सकते हैं या आपके रुपये आपको वापस कर दिए जाएंगे। आरक्षी ने कहा कि जब रुपये वापस मांगे तो फोन पर बात कर रहे व्यक्ति ने उन्हें ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिये रुपये वापस करने के लिए एटीएम पर बुलाया। यहां ट्रांजेक्शन के दौरान लगातार उससे बात करता रहा। इसी दौरान आरक्षी के एटीएम की गोपनीय जानकारी लेकर खाते से अपने खाते में 5550 रुपये ट्रांसफर कर लिए। सोमवार को आरक्षी ने कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।