कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर बंबा के समीप 14 दिन पूर्व दलित किशोर की हत्या और जानलेवा हमले की वारदात का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। वारदात को आरोपी ने अपनी पत्नी के परिवारीजनों पर क्रास केस कराने के उद्देश्य से अंजाम दिया था। पुलिस ने पूर्व में दर्ज रिपोर्ट के बाद जांच के दौरान मामले का खुलासा किया। साथ ही पूर्व में हत्या और हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कराने वाले युवक समेत दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वारदात का मुख्य आरोपी सुनील अभी फरार है। पुलिस अब सुनील की तलाश कर रही है। दलित किशोर का मामले से कोई लेना-देना था।
बता दें कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला रते निवासी प्रदीप वाल्मीकि (17) की 31 जनवरी की रात गोपालपुर बंबा के समीप लाश पड़ी मिली थी। उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी। उसका साथी हरिकेष उर्फ छोटू गोली लगने से घायल हो गया था। हरिकेष ने बोलेरो सवार सुरेंद्र निवासी बरनाहल क्षेत्र और वीरेंद्र मिश्रा के विरुद्ध हत्या व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस छानबीन कर रही थी तभी आरोपी पक्ष सुरेंद्र के परिवारीजनों की ओर से भी तहरीर दी गई। इसके बाद जांच की दिशा बदल गई।
पुलिस ने जांच के बाद सोमवार को हरिकेष और उसके साथी रजनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान हरिकेष ने जानकारी दी कि पूरे घटनाक्रम की साजिश सुनील यादव ने रची थी। सुनील ने कुछ समय पहले कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विधवा से कोर्ट मैरिज की थी। बाद में उसकी नाबालिग पुत्री से भी जबरन संबंध बना लिए। मामले का खुलासा होने पर महिला के रिश्तेदारों ने सुनील के खिलाफ लड़की से दुष्कर्म की रिपोर्ट थाना बरनाहल में दर्ज कराई थी। रिश्तेदार महिला और उसकी पुत्री को सुनील के पास से ले गए थे।
सुनील महिला के रिश्तेदारों से बदला लेना चाहता था।
वह योजना बनाकर 31 जनवरी को हरिकेष, मृतक प्रदीप वाल्मीकि और रजनेश को लेकर गोपालपुर बंबा पहुंचा। वहां सुनील और रजनेश ने शराब पी। इसके बाद दोनों ने प्रदीप की गोली मारकर हत्या कर दी। हरिकेष को भी गोली मारकर घायल कर दिया। योजना के अनुसार, हरिकेष ने इसके बाद महिला के रिश्तेदार सुरेंद्र व वीरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। खुलासा होने के बाद पुलिस ने हरिकेष और रजनेश को जेल भेज दिया है। सीओ सिटी राजेश चौधरी ने बताया कि आरोपी सुनील की तलाश की जा रही है। वहीं उसके भाई लालू का नाम भी हत्याकांड में सामने आ रहा है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं पूर्व में नामजद दोनों आरोपी निर्दोष हैं।