नगर क्षेत्र की अधिकतर कालोनियों के घरों में व्यवसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। लेकिन दुकान संचालकों ने बिजली का व्यवसायिक कनेक्शन नहीं लिया है।
इससे विद्युत विभाग को लाखों रुपये का घाटा झेलना पड़ रहा है। लगातार घाटा झेल रहे विभाग ने ऐसी कालोनी व मकानों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। जहां पर भी व्यवसायिक गतिविधि संचालित होगी, वहां पर अलग से व्यवसायिक कनेक्शन दिया जाएगा।
नगर क्षेत्र में अधिकांश कालोनियों में लोगों ने अपने घरों के बाहरी हिस्से में दुकानें बनवा लीं। कुछ ने इन दुकानों को किराए पर उठा दिया तो कुछ ने स्वयं उपयोग करना शुरू कर दिया। जबकि नियमानुसार अलग से व्यवसायिक कनेक्शन कराना होता है। अब ऐसे प्रतिष्ठिानों को कामर्शियल कनेक्शन लेने होंगे। अगर ऐसा नहीं होता है, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इन कालोनियों में हैं दुकानें
आवास विकास, वंशीगौहरा, हरदिर्शन नगर, मोहल्ला अग्रवाल, देवपुरा सहित कई कालोनियों में ऐसी दुकानें हैं। इनमें से कई के पास व्यवसायिक कनेक्शन नहंी हैं।
ऐसी दुकानों की सूची अवर अभियंताओं के माध्यम से तैयार कराई जा रही है। साथ ही ऐसे लोगों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। एक सप्ताह में स्वेच्छा से व्यवसायिक कनेक्शन प्राप्त कर लें। ऐसा न करने पर जुर्माना लगाने के साथ ही अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।
एके पांडेय, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण