कचहरी रोड स्थित केनरा बैंक में लाखों की डकैती की वारदात को पांच दिन बीते चुके हैं, मगर आला अधिकारियों के प्रयासों को देखकर नहीं लगता कि वे बैंक लूट की घटना के खुलासे के प्रति गंभीर हैं। बदमाशों को बैंक में मौजूद कर्मियों ने बेनकाब देखा, बावजूद इसके अभी तक पुलिस ने पहचान के आधार पर बदमाशों के स्केच जारी कराने के प्रयास नहीं किए। न ही आईडी का मिलान किया है। दोपहर को जरूर पुलिस बैंकों की चेकिंग करती नजर आई।
हथियारों से लैस बदमाशों ने कचहरी रोड स्थित केनरा बैंक की शाखा से करीब 20 लाख रुपये की लूट की थी। पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस खुलासे के नाम पर महज औपचारिकता करती नजर आ रही है। नगर के बैंकों में विशेष सतर्कता के नाम पर दो होमगार्ड उपलब्ध कराए गए हैं। जिनके हाथों में थमाई गईं राइफलें शायद समय आने पर धोखे के सिवाय कुछ नहीं देंगी। इसके अलावा सबसे महत्वपूर्ण बिंदु पर भी पुलिस अभी भी लापरवाही बरत रही है। अभी तक बैंक कर्मियों के बताए हुलिए के आधार पर किसी भी बदमाश का स्केच नहीं बनवाया गया। पुलिस अधिकारी मानते हैं कि घटना से पहले कई दिन तक रैकी की गई। अगर ऐसा है तो हो सकता है घटना में शामिल किसी बदमाश का बैंक में आना जाना भी रहा हो। हो सकता है रैकी करने वाला का खाता भी बैंक में हो, लेकिन पुलिस ने किसी भी बैंककर्मी से खाताधारकों की फोटो दिखाकर पहचान के प्रयास करना भी जरूरी नहीं समझा। हालांकि पुलिस अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द ही खुलासा किया जाएगा।