करहल(मैनपुरी)। थाना करहल क्षेत्र में बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बाइक छोड़कर भाग गया। वृद्ध की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मैनपुरी-करहल मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम करहल मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने वृद्ध के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
थाना करहल क्षेत्र के ग्राम डांडी निवासी गजेंद्र सिंह (58) मंगलवार को साइकिल से खाद लेने मैनपुरी आ रहे थे। सुबह 8:30 बजे के लगभग जब वह मैनपुरी-करहल मार्ग पर ग्राम कल्लू की मढ़ैया के समीप पहुंचे तभी बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही गजेंद्र सिंह की मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक बाइक छोड़कर भाग गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मैनपुरी-करहल मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया लेकिन जाम खोलने के लिए तैयार नहीं हुए। सूचना पर दो घंटे बाद एसडीएम विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने कि सान के परिवार को शासन से आर्थिक सहायता दिलाने और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। गजेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।