थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात एक किशोरी को अगवा कर आरोपियों ने दुष्कर्म की कोशिश की। चीख पुकार सुनकर परिवारीजन और ग्रामीणों के आने पर आरोपी वहां से भाग गए। थाने पहुंचे पीड़िता के पिता ने तहरीर दी है।
एक गांव निवासी व्यक्ति की 15 वर्षीय पुत्री मंगलवार को छोटे भाई के साथ घर पर थी। पिता भैंस के घेर में सो रहे थे। रात करीब नौ बजे गांव नगला हार और महानंदा निवासी पांच आरोपियों ने किशोरी को घर में ही दबोच लिया और उसे अगवा कर वहां से ले जाने लगे। साथ ही उससे दुष्कर्म की कोशिश की। इस बीच अचानक लघुशंका करने आए पिता ने जब आरोपियों को देखा तो शोर मचाया। पीड़िता की चीख पुकार सुनकर अन्य परिवारीजन और ग्रामीण जाग गए। इसके बाद आरोपी किशोरी को छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने उनका पीछा भी किया मगर कोई भी हत्थे नहीं चढ़ सका। बुधवार को पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष का कहना है कि जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।