तारीख पर आए दो पक्षों में विवाद होने के बाद युवक को हिरासत में ले लिया गया
थाना किशनी क्षेत्र के गांव बरिहा में एसओ को गोली मारने का आरोपी हिस्ट्रीशीटर इटावा में गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन अन्य बदमाश भी पकड़े गए हैं। एसपी ने पुलिस की एक टीम इटावा रवाना की है। आरोपी मजबूत सिंह पर गुजरात में भी लूट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इटावा पुलिस ने बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे मुखबिर की सूचना पर ग्राम राहित के समीप चार बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। चौबिया थाना पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सतेंद्र उर्फ मजबूत सिंह निवासी गांव बरिहा थाना किशनी मैनपुरी, बबलू उर्फ जितेंद्र, सुंदर उर्फ आदेश सिंह निवासी गांव भूटा इटावा और शीपू निवासी कीरतपुर चौबिया इटावा को गिरफ्तार कर लिया। पकडे़ गए सुंदर, बबलू और सतेंद्र उर्फ मजबूत पर थाना चौबिया क्षेत्र नगला कढ़ोरी निवासी राजवीर की हत्या का मामला दर्ज था। वहीं किशनी थाने में गांव हाजीपुर निवासी कल्लू की हत्या में मजबूत सिंह को छोड़कर अन्य तीनों आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज है। चौबिया थाना पुलिस ने चारों बदमाशों के पास चोरी की दो बाइकें, चार तमंचा और 15 कारतूस बरामद किए हैं।
बता दें कि हिस्ट्रीशीटर मजबूत पर थाना किशनी के अलावा गुजरात में लूट, चोरी और हत्या के मामले दर्ज हैं। गुजरात पुलिस और जनपद पुलिस को उसकी तलाश थी। तीन मई की रात गांव बरिहा में मजबूत सिंह की गिरफ्तारी करने गई पुलिस टीम पर उसने हमला कर दिया था। तत्कालीन चौकी इंचार्ज कुसमरा के हाथ में गोली लग गई थी। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि मजबूत सिंह को मैनपुरी लाने की कार्रवाई की जाएगी।