थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम लुकटपुर में मंगलवार रात दलित बालिका की हत्या मामले में बलि की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस भी इस लाइन पर ही जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस का मानना है कि किसी दूसरी जगह हत्या करने के बाद शव बाग में फेंका गया था। पुलिस ने डॉग स्क्वैड को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिली। पुलिस ने मृतका के बाबा मुन्नालाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बता दें कि कुसमरा क्षेत्र के ग्राम लुकटपुर में मंगलवार रात एक बालिका कीर्ति (5) का शव एक बाग में मिला था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। मौके पर कहीं भी खून नहीं था। बुधवार की सुबह पुलिस फोर्स के साथ ही डॉग स्क्वैड की टीम भी गांव में पहुंची। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद डॉग स्क्वैड लाश मिलने की जगह से करीब 100 मीटर पूर्व की ओर ईशन नदी के किनारे तक गया। वहां एक खेत में हल्के नीला और पीले रंग का अधजला ब्लाउज मिला है। पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना को किसी तांत्रिक क्रिया के लिए अंजाम दिया गया है। इसमें किसी महिला की भी संलिप्तता हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया की लाश वाली जगह से करीब 20 मीटर पहले कच्चे रास्ते पर दो जगह खून के धब्बे व एक जगह थोड़ा पानी भी पड़ा था। वहीं घटनास्थल पर खून न मिलने से लगता है की बच्ची की गला काटकर हत्या कहीं और की गई थी।
वहीं, बालिका के बाबा मुन्नालाल ने बताया की उसका पुत्र रामवीर बाथम बाहर प्राइवेट नौकरी करता है। उसके बच्चे गांव में ही रहते हैं। मंगलवार की सुबह वह और कीर्ति की मां खेत पर काम करने गए थे। शाम को जब घर लौटे तो मृतका कीर्ति गायब थी। सभी ने उसे तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिली। रात दस बजे बालिका का शव पत्तों से ढका हुआ मिला था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ किशनी का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।