गांव नगला रामसिंह में धर्म परिवर्तन का विरोध करने पहुंचे विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं पर आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। इससे एक कार्यकर्ता का सिर फट गया। वहीं कई अन्य को गंभीर चोटें आईं। सूचना के लगभग एक घंटे बाद पुलिस पहुंची। इससे पहले ही सभी आरोपी भाग गए। देर शाम घायलों ने थाना औंछा में तहरीर दी है। वहीं गांव में तनाव के चलते फोर्स तैनात कर दी गई है। एएसपी दिगंबर कुशवाह का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कस्बा औंछा के नगला रामसिंह निवासी संजय पुत्र रामनरायन ने लगभग तीन वर्ष पूर्व पंजाब जाकर धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपना लिया था। बताया जाता है कि रविवार को ईस्टर के अवसर पर उसने गांव के लगभग 30-40 लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए राजी कर लिया। इसके लिए फीरोजाबाद से एक पादरी और 10 अन्य लोग भी गाड़ी से गांव पहुंच गए। इसकी सूचना गांव के प्रधान शैलेंद्र यादव एवं अन्य ग्रामीणों ने विभिन्न हिंदूवादी संगठन जैसे, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, आरएसएस के कार्यकर्ताओं को दी। सूचना पर उक्त संगठनों के लगभग एक दर्जन कार्यकर्ता सुबह 11 बजे गांव पहुंच गए। मौके पर ग्राम प्रधान भी आ गए। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने धर्म परिवर्तन का विरोध किया तो संजय, फीरोजाबाद से आए पादरी एवं अन्य साथियों से कहासुनी हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ देर बाद संजय के परिवार वाले और अन्य समर्थक घरों से लाठी-डंडे निकाल लाए। उन्होंने धर्म परिवर्तन का विरोध करने आए लोगों पर हमला बोल दिया। सभी लोगों की आरोपियों ने पिटाई लगाई। हमले में बजरंग दल के सुशील यादव का सिर फट गया। वहीं दारा सिंह वर्मा, मोहित कुशवाह, अनुपम शाक्य, संतोष वर्मा, राजेश तिवारी, गोल्डी चौहान एवं आरएसएस के जिला प्रमुख श्याम भी घायल हो गए। सभी ने किसी प्रकार गांव से भागकर जान बचाई। सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद थाना पुलिस गांव पहुंची। तब तक सभी आरोपी घर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम खबर लिखे जाने तक घायल थाने में तहरीर दे रहे थे। एएसपी का कहना है कि घायलों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
पहले भी करा चुका हैं धर्म परिवर्तन
औंछा। नगला राम सिंह में अधिकांश परिवार दलित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि संजय इससे पूर्व भी दिसंबर 2015 में 10 रिश्तेदारों का धर्म परिवर्तन करा चुका है। रविवार को भी जिनका धर्म परिवर्तन होना था वह अधिकांश उसके रिश्तेदार ही हैं।
मकान एवं अन्य प्रलोभन देता था
औंछा। ग्रामीणों ने बताया कि संजय धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को विभिन्न प्रलोभन देता था। इसमें मकान देने से लेकर नकद राशि तक शामिल थी। लोगों ने बताया कि इससे पूर्व धर्म परिवर्तन करने पर उसने रिश्ते की बहन संतोषी और शाशि को फीरोजाबाद में मकान दिया है। इन लोगों को भी कई प्रलोभन दिए गए हैं।
मीडिया पर भी किया हमला
औंछा। नगला राम सिंह में हुए विवाद की कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों पर भी आरोपी के समर्थकों ने हमला बोल दिया। इसके चलते उन्हें वहां से जान बचाकर भागना पड़ा। इस दौरान कई मीडिया कर्मियों को हल्की चोटें भी आईं।