ससुराल में हुई भागवत कथा में शामिल होकर वापस लौट रहे नवदंपति को तीन बाइक पर सवार छह युवकों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। पीड़ित ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन हाथ नहीं आए।
एटा के थाना मलावन क्षेत्र के गांव कंगरौल निवासी अवनीश कुमार की शादी बीते 22 अप्रैल को गांव तिलहानी रूपनगर थाना मोहम्दाबाद जिला फर्रुखाबाद निवासी रूबी के साथ हुई है। अवनीश के ससुराल में भागवत कथा हुई थी। इसमें शामिल होने अवनीश पत्नी रूबी को लेकर आठ जून को बाइक से ससुराल आया था। गुरुवार को वह पत्नी के साथ घर लौट रहा था। जैसे ही वह सुबह 11:30 बजे जीटी रोड स्थित गांव महादेवा के पास नवीन मंडी के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए दो पल्सर व एक अपाचे बाइक पर सवार छह युवकों ने अवनीश की बाइक में टक्कर मारकर उन्हें रोक लिया। तमंचा निकाल कर जान से मारने की धमकी देकर रूबी के गले से सोने का हार, मंगलसूत्र, तीन अंगूठी, झाले व पर्स छीन लिया। इसमें छह हजार रुपये रखे थे। अवनीश के पर्स में रखे दो हजार रुपये लूट लिए। इसी बीच वहां मौके पर पहुंचे जीत निवासी खिरिया तिसौली को तमंचा दिखा भगा दिया। लूट के बाद बदमाश वापस बिछवां की तरफ भाग गए। जीत ने पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर घटना की जानकारी दी। सूचना पर इंस्पेक्टर ने क्षेत्र में चेकिंग कराई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।