करहल। थाना क्षेत्र में रविवार की रात कार सवार लुटेरों ने ग्रीस से भरा केंटर लूट लिया। चालक और परिचालक को सड़क किनारे फेंक कर चालक से 26400 रुपये की नकदी भी लूट ली। चालक ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर चालक-परिचालक को थाने लाई। चालक ने घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने लुटेरों की तलाश की लेकिन कोई भी हत्थे नहीं लगा।
जनपद फीरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र के ग्राम कारीखेड़ा निवासी लाल सिंह केंटर चलाते हैं। वह केंटर से ग्रीस लेकर जयपुर से जमशेदपुर जा रहे थे। रविवार की रात 11 बजे के लगभग जब केंटर थाना करहल क्षेत्र में करहल-सिरसागंज मार्ग पर बघेरा पुल के समीप पहुंचा तभी पीछे से आई एंबेस्डर में सवार लुटेरों ने ओवरटेक कर केंटर लूट लिया।
लाल सिंह के अनुसार लुटेरों ने तमंचे दिखाते हुए उन्हें कार में डाल लिया। लुटेरे दोनों को ग्राम कंचनपुर के समीप डालकर चले गए। लाल सिंह ने सूचना कंट्रोल रूम पर दी। जानकारी होते ही करहल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लुटेरों की तलाश की लेकिन कोई भी हत्थे नहीं लगा। लाल सिंह और क्लीनर सचिन को पुलिस थाना करहल लाई। लाल सिंह ने घटना के संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। कहा कि केंटर में तीन लाख रुपये का ग्रीस लदा हुआ था। लुटेरे 26400 रुपये की नकदी भी उनसे लूटकर ले गए हैं।