किशनी। शुक्रवार की शाम लूट का विरोध करने पर बाइक सवार बदमाशों ने सराफ को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार घटनास्थल की दौड़े। दुकानदारों को आता देख बदमाश आभूषणों से भरा थैला छोड़कर भाग गए। घटना से दुकानदारों और व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने अधिकारियों ने शीघ्र ही लुटेरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
किशनी के मोहल्ला हवेली निवासी संजय वर्मा की कसबा के सदर बाजार में मां वैष्णो ज्वैलर्स के नाम से दुकान हैं। शुक्रवार की शाम 6:20 बजे के लगभग संजय दुकान बंद कर थैले में आभूषण और नकदी लेकर घर जा रहे थे। जब वह मोहल्ला हवेली स्थित बाजार में पहुंचे तभी पीछे से आए पल्सर बाइक सवार लुटेरों ने संजय से थैला छीनना की कोशिश की। संजय ने विरोध किया तो एक लुटेरे ने तमंचे से गोली मार दी। गोली संजय की पीठ में लगी। इससे वह वहीं गिर पड़े।
गोली की आवाज सुनकर स्थानीय दुकानदार मौके की ओर दौड़े। दुकानदारों को आते देख तीनों लुटेरे बिना थैला लूटे बाइक से हाईवे की ओर भाग गए। घायल संजय को दुकानदार अस्पताल ले गए। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत बताते हुए सैफई अस्पताल रेफर कर दिया। घटना को लेकर दुकानदारों और व्यापारियों में आक्रोश है। दुकानदार के अनुसार एक लुटेरे को उन्होंने पहचान लिया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।