नाला बनने के बाद महीनों बाद भी सड़क निर्माण नहीं होने से आक्रोशित मोहल्ला खरगजीत नगर के लोगों ने गुरुवार को आगरा बाईपास रोड पर जाम लगा दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत के चलते बारिश में उन्हें नारकीय हालातों का सामना करना पड़ेगा। तीन बार टेंडर पास होने के बाद भी अभी तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। सूचना पर पहुुंची कोतवाली पुलिस और चेयरमैन प्रतिनिधि के समझाने पर लोगों ने एक घंटे बाद जाम खोला। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर में कमला टाकीज जाने वाली रोड का निर्माण कार्य कई माह से चल रहा है। इस दौरान मार्ग पर नाले का निर्माण हो गया है। नाले की दीवारें सड़क से करीब एक से दो फुट तक ऊंची हैं। कई माह बीतने के बाद भी अभी तक सड़क का निर्माण तक शुरू नहीं कराया गया है। ऐसे में यदि बारिश होती है तो क्षेत्र के सैकड़ों घरों के सामने जलभराव की स्थिति पैदा हो जाएगी। मानसून आने में मात्र एक माह ही बाकी है। इससे गुस्साए लोगों ने गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे आगरा बाईपास पर रेलवे स्टेशन के सामने जाम लगा दिया। शहर का प्रमुख एवं व्यस्त मार्ग होने के चलते कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गईं। सूचना पर पहले कोतवाली पुलिस और चेयरमैन प्रतिनिधि अरुण गुप्ता ने लोगों को मार्ग का शीघ्र निर्माण होने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान एक घंटे तक जाम लगा रहा। एक घंटे बाद लोगों के जाम खोलने पर लोगों ने राहत की सांस ली और आवागमन सुचारु हो सका। प्रदर्शन करने वालों में दीपेश सक्सेना, आनंद चौहान, पप्पे मिश्रा, जगवीर तोमर, सचिन, उदित, राहुल, राजीव, अवनीश आदि मौजूद थे।
तीन बार टेंडर लेकिन काम शुरू नहीं
इस मार्ग का तीन बार टेंडर हो चुका है। इसके बाद भी अभी तक निर्माण शुरू नहीं हो सका है। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार और अधिकारियों की जुगलबंदी के चलते मार्ग का निर्माण नहीं हुआ है।
बारिश में होगा जलभराव
मोहल्ला खरगजीत नगर में कमला टाकीज जाने वाली गली में बनाए गए नाले सड़क से करीब डेढ़ फीट ऊंचे हैं। ऐसे में सड़क निर्माण के बाद भी सड़क का पानी नालों में नहीं जा सकेगा। इसके चलते यहां जलभराव की समस्या दिक्कत बढ़ाने का काम करेगी।
मार्ग में गड्ढों के चलते रोजाना होते हैं हादसे
कमला टाकीज रोड पर छह माह से सड़क निर्माण न होने से मार्ग की हालत खराब है। यहां मार्ग में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। रोजाना कोई न कोई बाइक सवार इन गड्ढों की चपेट में आकर घायल होता है।