भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर शनिवार को विद्युत उपकेंद्र पर धरना दिया। धरने के दौरान किसानों ने सबसे पहले बिजलीघर पर तालाबंदी कर आक्रोश व्यक्त किया। बाद में मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ को डीएम के नाम ज्ञापन देकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
इस मौके पर किसान नेताओं ने कहा कि बेवर क्षेत्र में बिजली कटौती बेतहाशा हो रही है। वहीं लाइनें भी जर्जर हैं। जिन्हें बदलवाया जाए। खेतों में सिंचाई के लिए किसानों को पानी भी नहीं मिल रहा है। इससे फसल सूख रही हैं। इसके कारण किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। इस समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण होना चाहिए। इसके अलावा वक्ताओं ने मझोला से कन्नौज जा रहे बंबा की जर्जर पुलिया के निमार्द्यण, बिजली की बढ़ी दरें वापस लेने आदि की मांग भी की। वहीं रसूलपुर, मलिकपुर, लौंधपुर, नगला महुआ, बंजरिया, गुधा, जरियन में शीघ्र विद्युतीकरण और नगर में दो माह से बाधित पेयजलापूर्ति सुचारु कराए जाने की मांग की। इस पर एसडीएम विजयप्रताप सिंह व क्षेत्राधिकारी आत्मप्रकाश यादव ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर प्रदेश महासचिव अनुराग गुप्ता, जिलाध्यक्ष राहुल कुमार सिंह, राजीव चौहान, शीलेश दुबे, पवन कुमार, सतेंद्र सिंह, रामचंद्र राजपूत समेत अन्य किसान मौजूद थे।