थाने में हंगामा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने के मामले में कोतवाली पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष सहित 22 नामजद और 100 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने उक्त लोगों की तलाश कर रही है।
बता दें कि शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे आरएसएस के नगर कार्यवाह अवधेश गुप्ता, कार्यालय प्रमुख हिमांशु और एक अन्य राहुल वर्मा के साथ एक ही बाइक पर कुरावली से शहर आ रहे थे। ईशन नदी पर चेकिंग के दौरान उन्होंने बाइक को रोक दिया। अवधेश का आरोप था कि टीएसआई आबिद हुसैन ने उनके साथ मारपीट कर दी। यही नहीं उनके साथ मौजूद सिपाही ब्रजेंद्र सिंह यादव व एक अन्य ने भी मारपीट की। विरोध करने पर उन्हें गाड़ी में बैठाकर तीनों लोग पीटते हुए थाने तक ले गए। जानकारी मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व विधायक अशोक चौहान समेत सैकड़ों की संख्या में आरएसएस व भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। उन्होंने घेराव कर जाम लगाया था।
उक्त मामले में देर रात वीडियो फुटेज जारी होने पर थाने में हंगामा, सड़क पर जाम, अधिकारियों से अभद्रता और कानून व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में 22 नामजद और 100 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इनके नाम हुई एफआईआर
मैनपुरी। उक्त मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, संजय चौहान, राहुल राठौर, रामभान तौमर के नाम रिपोर्ट में शामिल हैं। इसके अलावा विनय चौहान, अवधेश कुमार, प्रदीप कुमार, करनपाल सिंह, महेंद्र प्रताप, धीरज सिंह, विशाल बाल्मीक, रामभान तोमर, ओम मिश्रा, विष्णु, अनुज मिश्रा मधाऊ, अवनीश मिश्रा, सुबोध यादव, शिखर मोहन, गौरव शाक्य, बलवीर सिंह, राहुल चतुर्वेदी, आशू चौहान, गौतम चौहान के अलावा 100 अज्ञात के नाम भी रिपोर्ट दर्ज हुई है।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को बंद
पुलिस ने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं के खिलाफ अलोकतांत्रिक रूप से रिपोर्ट दर्ज कराई है। यदि रिपोर्ट वापस नहीं ली गई तो भाजपा सोमवार को शहर के सभी बाजार बंद कराएगी। इसमें व्यापारिक संगठन और क्षत्रिय कल्याण परिषद ने भी भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की है। यह बात भाजपा नेता रामनरेश अग्निहोत्री ने शनिवार को जिलाध्यक्ष के आवास पर हुई प्रेसवार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि पुलिस का यह कृत्य निंदनीय है। शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे भाजपाइयों पर गलत तरीके से पुलिस ने कार्रवाई की है। पूर्व में महाराजा तेज सिंह शोभायात्रा के पोस्टर फाड़ने के मामले में नामजद रिपोर्ट होने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं इस मामले में पुलिस ने आनन-फानन में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने रिपोर्ट वापस नहीं ली तो बाजार बंद करने के बाद कलक्ट्रेट का घेराव और आंदोलन चलाया जाएगा। यही नहीं प्रदेश नेतृत्व को भी इसमें शामिल किया जाएगा। जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कहा कि पुलिस सीसी टीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करे। पहले तो मौके पर कुछ बवाल हुआ ही नहीं यदि पुलिस कह रही है तो उनकी पहचान की जानी चाहिए।
क्षत्रिय कल्याण परिषद के रामबाबू कुशवाह व व्यापारी नेता सुमंत गुप्ता ने भी साथ देने की बात कही।
इस मौके पर पूर्व विधायक अशोक चौहान, सोम गुप्ता, ओंकारनाथ पचौरी, नरेंद्र सिंह राठौर, शिवदत्त भदौरिया, अरविंद तोमर, प्रेम सिंह शाक्य, मंजूषा चौहान, लालू वर्मा आदि मौजूद थे।