उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में रविवार की सुबह एक बाइक सवार को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में औंछा क्षेत्र के रहने वाले युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। युवक बहन को करहल स्थित ससुराल छोड़ कर लौट रहा था। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसा बरनाहल थाना क्षेत्र के नवाटेढ़ा गांव के पास हुआ।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर निवासी सुखराम उर्फ सुखदेव (32) शनिवार को बहन उर्मिला को उसकी ससुराल गांव तालिवपुर थाना करहल छोड़ने के लिए गया था। बारिश होने के कारण वह शनिवार को घर वापस नहीं लौट सका था। रविवार की सुबह सुखराम बाइक से घर वापस लौट रहा था।
नवाटेढ़ा गांव के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने टक्कर मारने वाली बस और चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे में युवक की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में चीख पुकार मची है।
बाइक गिरने के बाद निकल गया हेलमेट
सुखराम यातायात नियमों के अनुसार ही बाइक को चला रहा था। उसने सिर पर हेलमेट भी लगा रखा था। लेकिन बस की जोरदार टक्कर के बाद उसका सिर जमीन पर लगा और सिर से हेलमेट निकल गया। इसके बाद का पहिया उसके सिर के ऊपर से होकर निकल गया। जिसके चलते युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।