कुरावली। थाना क्षेत्र में 7 मई को सिरसा अंडरपास के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से चेन लूट ली। जांच के नाम पर पुलिस मामले को दबाए रही। सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
मोहल्ला कोआटोला निवासी वीरेश कुमार ने बताया कि 7 मई की दोपहर करीब 2 बजे वह बहन सोनम को बाइक पर साथ लेकर बिछवां से कुरावली आ रहे थे। सिरसा अंडरपास स्थित सर्विस रोड पर पीछे से आए अपाचे बाइक सवार दो बदमाश बराबर में आ गए। वह जब तक कुछ समझ पाते एक बदमाश ने बहन के गले से सोने की चेन तोड़ ली।
घटना के बाद उन्होंने कुछ दूर तक पीछा भी किया पर लुटेरे नजरों से ओझल हो चुके थे। उन्होंने थाने में पहुंच कर तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने जांच की बात कही थी। सोमवार को पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच व तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी भी चेक कर रही हैं।