आगरा रोड स्थित लार्ड कृष्णा एजूकेशनल एकेडमी में गुरुवार से तीन दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता श्री देवी मेला एवं ग्राम्य सुधार प्रदर्शनी के तत्वावधान में हो रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम सदर गजेंद्र सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि भौतिकवादी युग में हर इंसान पैसे कमाने की होड़ में लगा है। इसके कारण अपने घर-परिवार की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस कारण कल का भविष्य टीवी तथा कंप्यूटर, मोबाइल तक सीमित रह गया है। बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी प्रतिभाग करना चाहिए। जिससे देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण हो सके। इससे पूर्व उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व शतरंज की बाजी लगाकर खेल का शुभारंभ किया।
वहीं शतरंज संघ के प्रदेश सह-सचिव गजेंद्र सिंह ने शतरंज के जिले में विस्तार के बारे में जानकारी दी। प्रतियोगिता संयोजक/संघ के जिलाध्यक्ष डाक्टर राकेश गुप्ता ने भी विचार रखे। संचालन कमल शर्मा व सुभाष मिश्रा ने किया। इस मौके पर गजेंद्र सिंह चौहान, बीएन चतुर्वेदी, अवधेश भदौरिया, अवधेश जौहरी, बंटी चैहान, दीपक अरोरा, शशांक गुप्ता, संजय गौर, अनुग्रह कुदेशिया आदि मौजूद थे।