मंडी के आढ़तिया का निरस्त लाइसेंस बहाल करने और गेहूं खरीद में कमीशन बढ़ाने की मांग का एडीएम के आश्वासन देने के बाद सोमवार को आढ़तियों का क्रमिक अनशन खत्म हो गया। अब आढ़तिया भी गेहूं की खरीद करेंगे।
फूडग्रेन कमीशन एजेंट एसोसिएशन के अनशन के तीसरे दिन एडीएम एके श्रीवास्तव, एसडीएम सदर अमित सिंह, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री नवीन मंडी पहुंचे। आढ़तियों से उनकी समस्याएं जानीं। एडीएम ने आश्वासन दिया आढ़तिया का निरस्त किया गया लाइसेंस बहाल किया जाएगा। मिलर्स से बात करके आढ़तियों को शासनादेश के अनुसार ही कमीशन दिलाया जाएगा। एडीएम के आश्वासन पर आढ़तियों ने अनशन समाप्त कर दिया। इस मौके पर अध्यक्ष उपदेश यादव, अनुपम शाक्य, लक्ष्मीनरायन गुप्ता, ओमप्रकाश यादव, राघव यादव, बीनू बंसल, मोहित चौहान, सतीश राजपूत, राजा पमार आदि मौजूद थे।