किशनी(मैनपुरी)। थाना किशनी क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह मामा के साथ एक विवाह कार्यक्रम से घर लौट रहे युवक की रामनगर तिराहे पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मामा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
कस्बा किशनी के गांव महोली कछपुरा शमशेरगंज निवासी 25 वर्षीय वीरपाल जागरण, शादी व अन्य आयोजन में केशियो बजाने का काम करता था। रिश्ते के मामा मुन्ना लाल निवासी गांव हब्बापुर जनपद फर्रुखाबाद भी साथ रहते थे। बृहस्पतिवार सुबह तड़के करीब तीन बजे मामा-भांजे बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक जब थाना क्षेत्र में रामनगर तिराहे के पास पहुंची। तभी मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सीएचसी ले गई। वहां चिकित्सक ने वीरपाल को मृत घोषित कर दिया। घायल मामा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिजन के सुपुर्द कर दिया।