मंडी में अधिग्रहीत की गईं दुकानें
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विधानसभा चुनाव के लिए प्रशासन ने मंडी परिषद की 100 दुकानें अधिग्रहीत की हैं। इससे 24 जनवरी से 11 मार्च तक कारोबार प्रभावित होगा। मंडी में कारोबार प्रभावित होने से 95 करोड़ का व्यापार प्रभावित होने की संभावना है।
विधानसभा चुनाव 2017 के लिए प्रशासन ने इस बार मंडी परिषद की 100 दुकानें 24 जनवरी को अधिग्रहीत की थीं। 24 जनवरी के बाद से इन दुकानों में कारोबार बंद हो गया है। दुकान मालिक मंडी में इधर-उधर बैठकर खरीदारी करने की कोशिश कर रहे हैं मगर कारोबार अभी भी ढर्रे पर नहीं आ पा रहा है। प्रशासन ने सभी दुकानों को 11 मार्च तक के लिए अधिग्रहीत किया है। 11 मार्च तक के लिए इन दुकानों में कारोबार नहीं होगा।
आढ़ती संघ के अध्यक्ष उपदेश यादव का कहना है मंडी में एक दुकान पर प्रतिदिन डेढ़ लाख से दो लाख रुपये तक का लेनदेन होता है। इस तरह अधिग्रहीत की गई 100 दुकानों का प्रतिदिन लगभग दो करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होगा। अधिग्रहीत दिनों में मंडी के कारोबार को लगभग 95 करोड़ का नुकसान होगा। आढ़ती संघ के मंत्री अनुपम कुशवाहा का कहना है दुकानें अधिग्रहीत करने के बाद भी प्रशासन ने उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। 11 मार्च तक के लिए दुकानें प्रशासन ने अधिग्रहीत की हैं। 13 मार्च को होली है ऐसी हालत में 15 मार्च तक अधिग्रहीत की गई दुकानों का कारोबार प्रभावित होगा।