गुरुवार देर रात एक गांव के राशनडीलर के यहां से कालाबाजारी के लिए जा रहे गेहूं को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर एसडीएम ने रात में ही थाने पहुंचकर माल की गिनती करवाकर पुलिस की सपुर्दगी में दे दिया।
गुरुवार को रठेह क्षेत्र के ग्रामीणों ने कालाबाजारी के लिए जा रहे गेहूं को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों के अनुसार गांव के राशनडीलर के यहां रात 10 बजे एक लोडर गांव में आया। पहले राशन के गेहूं की पेकिंग बदली गई। इसके बाद राशन का करीब 59 बोरी गेहूं लोडर में लादा गया। गेहूं लेकर जैसे ही चालक चला ग्रामीणों ने गाड़ी रोक ली। ग्रामीणों को देख चालक भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राशन के गेहूं को थाने में पहुंचा दिया। साथ ही एसडीएम सुरेश सोनी को सूचना दे दी। इस पर एसडीएम रात में ही किशनी थाने पहुंच गए। मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद एसडीएम सीधे राशनडीलर के यहां पहुंचे और स्टाक की जानकारी ली। वहां राशन के गेहूं के बोरों की गिनती करवाकर पूरा माल पुलिस को सौंप दिया। एसडीएम किशनी का कहना है कि माल पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया है। स्टाक का मिलान किया जाएगा उसके बाद कार्रवाई होगी।