मैनपुरी। थाना कुरावली के गांव मनौना के रहने वाले किसान से कम ब्याज पर लोन कराने के नाम पर 52 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। ठगी करने वालों ने फोन उठाना तक बंद कर दिया। शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर थाना साइबर क्राइम ने जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से जनपद फिरोजाबाद के गांव सोथरा निवासी श्याम सुंदर वर्तमान में गांव मनौना कुरावली में रह रहे हैं। बताया कि 12 फरवरी को दो लोग उनके पास आए और खुद को टाईड बैंक का लोन अधिकारी बताया। अपने नाम अरुण प्रताप व गौरव राजपूत बताते हुए कहा कि बहुत कम ब्याज दर पर लोन दिलवा देंगे। कई स्कीम बताकर उन्हें झांसे में ले लिया एक एप्लीकेशन डाउनलोड करने के लिए उनका मोबाइल लिया और अपने खाते में 17019 रुपये ट्रांसफर कर लिए।
इसकी जानकारी उस समय नहीं हो सकी। दोनों के जाने के बाद जब फोन पर बात हुई तो कहा कि आपका सिविल बहुत अच्छा है बड़ा लोन करा देंगे। 16 फरवरी को दो बार में 35 हजार रुपये अपने खातों में डलवा लिए। जब रुपये देने के बाद भी कई दिन तक लोन नहीं हुआ तो फोन किया। पहले तो टाल मटोल करते रहे फिर फोन उठाना भी बंद कर दिया। थाना साइबर क्राइम ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।