खरेला (महोबा)। ऐंचाना-खरेला मार्ग पर पहाड़िया के समीप किसी वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई जबकि पत्नी व मासूम पुत्र घायल हो गए। वाहन चालक मौके से भाग गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और युवक की मौत की वजह बनी।
थाना खरेला के बारी गांव निवासी नेतराम साहू (30) अपनी पत्नी शांतिदेवी (28) व एक वर्ष के पुत्र हिमांशु के साथ बाइक से जनपद हमीरपुर के पहाड़ी गांव में शादी समारोह में शामिल होने गया था। शुक्रवार की रात लौटते समय ऐंचाना-खरेला मार्ग पर किसी वाहन से हादसा हो गया। एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। नेतराम की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक पिता के साथ खेती-किसानी का काम करता था।
अंधा मोड़ बना हादसे का कारण
ऐंचाना-खरेला मार्ग पर अंधा मोड़ और बबूल के पेड़ों की सड़क किनारे पर झुकीं डाले हादसे का कारण बनी है। इस मार्ग से हमीरपुर-जिले के दर्जनों गांव के लोगों की आवाजाही है। पेड़ों की डाले झुकीं होने के चलते सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे हो रहे हैं। समाजसेवी अंकित मिश्रा ने बताया कि कई बार वन विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को अवगत कराया गया लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। चंदौली कोटेदार रामफल के पुत्र की इसी स्थान पर एक साल पहले मौत हो चुकी है।