जिला अस्पताल में पति को डसने वाले मृत सांप को दिखाती पत्नी। संवाद
- फोटो : जिला अस्पताल में पति को डसने वाले मृत सांप को दिखाती पत्नी। संवाद
महोबा। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार की दोपहर उस समय अजीबोगरीब नजारा दिखा। जब एक महिला हाथ में मृत सांप लेकर पहुंच गई। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर को सांप दिखाते हुए बोली मेरे पति को इसी ने काटा है। यह देख डॉक्टर और कर्मचारी पहले तो चौंक गए बाद मेंं युवक को भर्ती कर इलाज शुरू किया।
ब्लॉक पनवाड़ी के घटेहरा गांव निवासी हरगोविंद (52) पशुबाड़े में सो रहा था। मंगलवार की सुबह उसे सांप ने डस लिया। नींद खुलने पर हरगोविंद ने सांप को डंडे से मार डाला। इसके बाद गांव के सपेरे से झाड़-फूक कराई। आराम न मिलने पर दोपहर के समय पत्नी राम ढकेली पति को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वह अपने साथ मरा हुआ सांप भी लाई। महिला ने ड्यूटी पर तैनात डॉ. वरुण कुमार को मरा सांप दिखाते हुए कहा कि डॉक्टर साहब इसी ने मेरे पति को काटा है, जल्द इलाज कीजिए। तब युवक को वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टर ने बताया कि मरीज की हालत सामान्य है।यह मामला अस्पताल स्टॉफ के साथ मरीजोंं और तीमारदारों के लिए चर्चा का विषय बना रहा।