लहचूरा बांध के पांच फाटक खोलकर निकाला जा रहा अतिरिक्त पानी। संवाद
- फोटो : लहचूरा बांध के पांच फाटक खोलकर निकाला जा रहा अतिरिक्त पानी। संवाद
महोबा। यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया। क्षमता से अधिक पानी आने पर मंगलवार को पांच फाटक खोलकर 45,500 क्यूसेक पानी धसान नदी में छोड़ा गया। इस दौरान सिंचाई विभाग ने नदी के आसपास बसे छह गांवोंं में मुनादी कराते हुए अलर्ट जारी किया है।
लहचूरा बांध की अधिकतम भंडारण क्षमता 182.30 मीटर है। बांध पहले से ही लबालब है। मध्य प्रदेश क्षेत्र में हो रही बारिश का पानी बांध में आ गया। साथ ही सुखनई नदी व पहाड़ी बांध से पानी आने से लहचूरा बांध का जलस्तर बढ़ गया। क्षमता से अधिक पानी आने पर सिंचाई विभाग के कर्मचारी सतर्क हो गए। इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई। हालात को देखते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने अतिरिक्त पानी को डिस्चार्ज किए जाने के निर्देश दिए। तब कर्मचारियों ने बांध के पांच फाटकों को पांच फीट की ऊंचाई से खोलकर 45,500 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया।
हालांकि, पानी छोड़ने से पहले धसान नदी के आसपास स्थित गांवों के लोगों को नदी के पास न आने के लिए सचेत किया गया। साथ ही अर्जुन सहायक नहर में भी 1,200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। अर्जुन सहायक नहर के माध्यम से पानी तहसील चरखारी के अर्जुन बांध में पहुंच रहा है।
लहचूरा बांध के अवर अभियंता रामआसरे का कहना है कि बांध के पांच फाटक खोलकर 45,500 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। आसपास के गांवोंं में मुनादी कराई जा रही है।