महोबा। यूपी-एमपी की सीमा पर बने उर्मिल बांध से शहर को होने वाली पेयजल आपूर्ति दो दिन से ठप है। इस कारण लोग बूंद-बूंद पानी को परेशान है। बांध का पानी डेडलेवल से नीचे पहुंच गया है। अब विभाग बांध की तलहटी से 20 मीटर नाली खोदकर इंटेकवेल तक पानी लाने के लिए पाइप व मोटर स्थापित कर रहा है। विभाग का दावा है कि शनिवार से पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
महोबा पेयजल पुनर्गठन योजना के तहत उर्मिल बांध से कस्बा श्रीनगर व शहर को पेयजल आपूर्ति की जाती है। इस बार पर्याप्त बारिश न होने से उर्मिल बांध अपनी पूरी भंडारण क्षमता 237 मीटर तक नहीं भर सका। बांध में सिर्फ 234 मीटर पानी ही आ सका। गर्मी का मौसम शुुरू हो जाने से बांध का जलस्तर डेडलेवल से नीचे पहुंच गया है। 228.30 मीटर के नीचे पानी पहुंच जाने से बांध की तलहटी में ही पानी शेष बचा है। इस कारण इंटेकवेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जल निगम ने पालिका प्रशासन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से करने के लिए इंटेकवेल के पास 20 मीटर लंबी नाली खोदकर पाइप फिट कराए हैं। जहां दो बड़े मोटर लगवाए गए हैं। मोटर के जरिए इंटेकवेल तक पानी पहुंचाया जाएगा। ताकि कच्चा पानी श्रीनगर के फिल्टर प्लांट पहुंच सके और शहर को पेयजल आपूर्ति की जा सके।
जल निगम के अवर अभियंता मनोज कुमार राजपूत का कहना है कि पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए कार्य कराया जा रहा है। शनिवार से आपूर्ति बहाल हो जाएगी।