महोबा। ब्लॉक कबरई के रैवारा गांव में बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे जाने सूचना पर ग्रामीण भड़क गए। लाठी-डंडें लेकर आए ग्रामीणों ने गाली-गलौज करते हुए बिजली टीम को खदेड़ लिया। अवर अभियंता संतोष कुमार ने ग्रामीणों पर सरकारी कार्य में बाधा का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। अधिकांश उपभोक्ताओं का बिल बकाया होने के चलते गांव की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
विद्युत विभाग के अवर अभियंता संतोष कुमार के निर्देशन में टीजी-टू ईश्वरचंद्र, संविदाकर्मी रामरतन, वीरू आदि ने एक मुश्त समाधान योजना के तहत मंगलवार को रैवारा गांव में शिविर लगाया। गांव में 800 से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया है। जिनमें से एक लाख से अधिक बिल वाले एक सैकड़ा उपभोक्ता शामिल हैं। टीम ने ग्रामीणों से बकाया बिल जमा करने और योजना के तहत छूट का लाभ लेने की अपील की। चेतावनी दी कि यदि बिजली बिल जमा नहीं किया तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इस बात को लेकर ग्रामीण भड़क गए और चेेतावनी दी कि दोबारा गांव आए तो अंजाम बुरा होगा।
एसडीओ पुनीत शर्मा का कहना है कि शिविर के दौरान ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता की है। जिन पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उपभोक्ताओं द्वारा बिल जमा न किए जाने पर बिजली आपूर्ति बंद की गई है।