महोबा। पत्थर मंडी कबरई में बरी पहाड़ के समीप चार दिन पहले अवैध विस्फोटक से भरी पिकअप पकड़ने के मामले को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ने विस्फोटक लाइसेंसधारक का लाइसेंस निरस्त करने के लिए विस्फोटक कंट्रोलर आगरा को पत्र लिखा है। डीएम की इस कार्रवाई से लाइसेंस के नाम अवैध विस्फोटक की बिक्री करने वालों में खलबली मची है।
पत्थर मंडी में पहाड़ों में खनन के लिए विस्फोटक का प्रयोग किया जाता है। एमपी के विस्फोटक लाइसेंसधारक बिना कागजात पत्थर मंडी कबरई में विस्फोटक की बिक्री करते हैं। एक अप्रैल को एसडीएम व सीओ ने बरी पहाड़ के पास से अवैध विस्फोटक से भरी पिकअप पकड़ी थी। पुलिस ने पट्टाधारक व मध्यप्रदेश के खड्डी गांव के
विस्फोटक लाइसेंसधारक हिमांशु गुप्ता, चालक सगीर, क्लीनर जमील खान व नीलेश गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि विस्फोटक कारोबारी का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। जांच में अवैध परिवहन पाया गया। इसके लिए विस्फोटक कंट्रोलर आगरा को पत्र लिखा गया है। जल्द ही निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।