महोबा। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थी आओ करके सीखें के माध्यम से रोचक ढंग से पढ़ाई कर सकेंगे। वैज्ञानिक मॉडलों, वाद्य यंत्र व खिलौने बनाना सीखेंगे। इससे उनकी पढ़ाई और भी बेहतर तरीके से होगी।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने इसको लेकर निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत बेसिक शिक्षा विभाग परिषदीय उच्च प्राथमिक स्कूलों के विद्यार्थियों को गतिविधियों पर आधारित शिक्षा से पढ़ाई कराने पर जोर दे रहा है। विद्यार्थी लर्निंग बाई डूइंग के माध्यम से मिट्टी-जल परीक्षण, दूरदर्शी टेलीस्कोप, एलईडी टार्च, सोलर कुकर, सोलर कार, प्लास्टिक की बोतल से खिलौना, गुड़ व मूंगफली की चिक्की बनाना, विद्यालय में औषधीय पौधों का उद्यान विकसित करना, फल-सब्जियों से अचार बनाना, कढ़ाई-सिलाई और मोबाइल प्रोजेक्टर आदि तैयार करेंगे। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 40 तरह के मॉडल तैयार किए जा सकेंगे। मॉडल बनाने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई को लेकर रोचकता आएगी। साथ ही वह बेहतर तरीके से समझ कर अध्ययन करेंगे।