कुलपहाड़ (महोबा)। मानिकपुर-झांसी रेललाइन पर बेलाताल-कुलपहाड़ स्टेशन के बीच रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण के चलते आज से मुढ़ारी-कुलपहाड़ मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इससे मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि ग्रामीणों व छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है।
झांसी मंडल के गति शक्ति इकाई के सहायक अभियंता संजीत सिंह ने पत्र से जिलाधिकारी प्रभास कुमार को इसकी जानकारी दी है। बताया कि समपार संख्या 414 पर आरयूबी का निर्माण शनिवार से शुरू होना है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और सुचारु कामकाज को देखते हुए बेलाताल-कुलपहाड़ स्टेशन के बीच रेलवे फाटक से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ग्रामीणों की सुविधा के लिए निर्माण स्थल से बाईं ओर कुछ दूरी पर साढ़े तीन मीटर चौड़ी वैकल्पिक सड़क बनाई गई है। यह मार्ग मुढ़ारी गांव से दूसरे अंडरब्रिज के रास्ते कुलपहाड़-नौगांव सड़क पर जाकर मिलेगा। इस रास्ते से ग्रामीण व छोटे वाहन आवागमन कर सकेंगे। वहीं, बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मुढ़ारी गांव के दूसरे अंडरपास से होकर कुलपहाड़-नौगांव मार्ग से गुजरना होगा। इससे उन्हें करीब पांच किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। अंडरपास निर्माण के दौरान लोगों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही इस मार्ग से आवागमन बहाल होगा।