महोबा। छात्राएं पुलिस को अपना मित्र समझें, किसी भी प्रकार का उत्पीड़न होने पर चुप न बैठें बल्कि खुलकर समस्या बताएं, ताकि दोबारा अपराध न हो सके। सीओ ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने के प्रति सचेत किया। पुलिस पाठशाला का आयोजन अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से किया गया।
शहर के वीर भूमि राजकीय महाविद्यालय में आयोजित पुलिस की पाठशाला में सीओ सिटी राम प्रवेश राय ने कहा कि कोचिंग व कॉलेज जाते समय रास्ते में यदि कोई शरारती तत्व गतिरोध करने का प्रयास करता है तो उसका डटकर मुकाबला करें। किसी से डरें नहीं, जरूरत पड़ने पर 112 और 1090 हेल्प लाइन की मदद लें। उन्होंने सभी को अपना नंबर देकर किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अवगत कराने की अपील की।
महिला थानाध्यक्ष व मिशन शक्ति प्रभारी शिल्पी शुक्ला ने कहा कि घर में भी छात्राएं उत्पीड़न सहन न करें। कोई भी छात्रा सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट वायरल न करें, जिससे उन्हें व उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी हो। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने अमर उजाला के इस अभियान की सराहना की। समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी ने कहा कि महिलाएं आज के दौर में किसी से कम नहीं हैं। वह अपनी ताकत को पहचाने और उत्पीड़न का डटकर मुकाबला करें।
इस मौके पर डॉ. एलसी अनुरागी, मधुबाला सरोजनी, डॉ. प्रदीप कुमार, एसके पांडेय, शैलेष तिवारी आदि मौजूद रहे।