महोबा। उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल की ओर से महोबा के रास्ते चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशन पर पौष मार्गशीर्ष अमावस्या मेले के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे की ओर से ट्रेनों के संचालन की समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है। साथ ही झांसी-बांदा मेमो को चित्रकूट तक विस्तारित किया जाएगा।
रेलवे झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 19 से 21 नवंबर तक एक मेला स्पेशल झांसी से चित्रकूटधाम कर्वी स्टेशन के बीच चलेगी। यह ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन से सुबह 10.10 बजे प्रस्थान करेगी। जो बेलाताल में 12.15 बजे, कुलपहाड़ में 12.35 बजे व महोबा स्टेशन पर दोपहर डेढ़ बजे आएगी। इस ट्रेन का चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन पहुंचने का समय शाम 5.45 बजे है। वापसी में यह ट्रेन चित्रकूट धाम कर्वी से शाम 7.25 बजे चलेगी। जो महोबा में 9.50 बजे, कुलपहाड़ में 10.11 बजे व बेलाताल स्टेशन पर 10.20 बजे आएगी। झांसी पहुंचने का समय रात एक बजे है।
दूसरी मेला स्पेशल ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन से रात 8.10 बजे चलेगी। जो बेलाताल में 10.50 बजे, कुलपहाड़ में 11 बजे व महोबा स्टेशन पर 11.40 बजे आएगी। इस ट्रेन का चित्रकूटधाम कर्वी स्टेशन पहुंचने का समय सुबह 3.05 बजे है। वापसी में यह ट्रेन चित्रकूटधाम कर्वी से सुबह 4.40 बजे चलेगी। जो महोबा में 7.45 बजे, कुलपहाड में 8.06 बजे व बेलाताल स्टेशन पर 8.15 पहुंचेगी। इस ट्रेन का झांसी रेलवे स्टेशन पहुंचने का समय सुबह 11.10 बजे है। इसके अलावा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी- बांदा मेमू को चित्रकूटधाम कर्वी तक आवश्यकतानुसार विस्तारित किया जाएगा।