महोबा। गर्मियों की छुट्टियों में पर्यटन व तीर्थस्थानों जाने की तैयारी कर रहे लोगों को ट्रेनों में रिजर्वेशन कराना मुश्किल हो रहा है। ट्रेनों में स्लीपर कोच से लेकर एसी तक की सीट फुल चल रही हैं। हरिद्वार व उज्जैन जाने वाली ट्रेनों में इस समय लंबी वेटिंग है। ऐसे में लोगों को टिकट के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
महोबा से उज्जैन व हरिद्वार जाने के लिए सीधे कोई ट्रेन नहीं हैं। यहां के लोग उत्तर-मध्य रेलवे के झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर ट्रेन बदलते हैं। इन दिनों हरिद्वार व उज्जैन जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। टिकट कराने के लिए पहुंच कर रहे लोगों को आगामी एक सप्ताह तक आरक्षण फुल मिल रहा है। एसी व स्लीपर कोच में टिकट मिल भी रहे हैं तो वह वेटिंग में हैं और उसके कंफर्म होने की संभावना कम है। उज्जैन जाने वाली प्रयागराज-डॉ. आंबेडकर नगर एक्सप्रेस में शनिवार को सभी श्रेणी में कोई जगह नहीं है। मालवा एक्सप्रेस में स्लीपर, थर्ड एसी और द्वितीय श्रेणी एसी में कोई सीट उपलब्ध नहीं है। साबरमती एक्सप्रेस में भी स्लीपर कोच में 29 मई तक वेटिंग चल रही है जबकि तृतीय व चतुर्थश्रेणी ऐसी में आठ से नौ वेटिंग चल रही है।