संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित जिला उद्योगबंधु की बैठक में व्यापारियों ने दुकानों का किराया बढ़ाए जाने का मुद्दा जोरशोर से उठाया। कहा कि पालिका प्रशासन ने 500 की दुकान का किराया पांच हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया है। जिससे छोटे व्यापारी और दुकानदार परेशान है। उन्होंने दुकानों के बढ़ाए गए किराये का आदेश वापस लिए जाने की मांग की।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योगबंधु की बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनु गुप्ता, जिला महामंत्री रामजी गुप्ता, मोहम्मद मुशीर आदि ने नगर पालिका महोबा की दुकानों का बढ़ाया गया किराया वापस लेने और डीएवी के पास सड़क के बीचोबीच लगे बिजली पोल हटवाने की मांग की। कबरई से कबरई बांध तक सड़क का निर्माण कराए जाने की उद्यमियों ने मांग रखी। जिस पर डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कराते हुए धनराशि अवमुक्त कराने के निर्देश दिए।
कहा कि कबरई क्षेत्र में प्रदूषण को देखते हुए एंटी स्मोक मशीनों को मंगवाने का काम उद्यमी आपसी सहयोग से करें। जिससे जिले का वातावरण स्वच्छ कराया जा सके। उन्होंने पत्थरमंडी को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के निर्देश दिए। अग्रणी जिला प्रबंधक व उपायुक्त उद्योग महेशचंद्र सरोज को शासन की मंशानुसार सभी योजनाओं में प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। इस मौके पर सीडीओ चित्रसेन सिंह, अपर एसपी सत्यम के अलावा अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।